चंडीगढ़. चंडीगढ़ में आईएएस अफसर की बेटी से छेड़छाड़ के मामले में मुख्य आरोपी बीजेपी अध्यक्ष का बेटा विकास बराला ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार कर लिया है कि ‘हां वो वर्णिका कुंडू की कार का पीछा किया था। खबरों के मुताबिक यह जानकारी सामने आई है। बता दें कि विकास और दूसरे आरोपी को बुधवार को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया गया था। इस दौरान उसे अरेस्ट कर लिया गया गया था। विकास के खिलाफ किडनैपिंग की कोशिश की गैर-जमानती धाराएं भी जोड़ी गई हैं। डीजीपी चंडीगढ़ पुलिस तेजेंदर लूथरा ने कहा- दोनों आरोपियों को गुरुवार सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा। कोर्ट से रिमांड मांगी जाएगी। सीन ऑफ क्राइम रीक्रिएट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन्वेस्टिगेशन की कई बातें शेयर नहीं की जा सकतीं, क्योंकि इससे जांच पर असर पड़ेगा। उधर, सुभाष बराला के दो और रिश्तेदारों पर छेड़छाड़, किडनैपिंग के आरोप लगे हैं।
आरोपी के शराब के नशे में होने की बात सच
– इससे पहले चंडीगढ़ के डीजीपी तेजेंद्र सिंह लूथरा के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस विकास बराला और उसके दूसरे साथी को मेडिकल के लिए अस्पताल लेकर गई थी, लेकिन उन्होंने ब्लड और यूरिन सैंपल देने से मना कर दिया था। ऐसे में डॉक्टर ने अॉब्जर्वेशन के आधार पर मेडिकल तैयार किया है, उसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है।
– लूथरा ने कहा कि आरोपियों का ब्लड और यूरिन सैम्पल न देना उनके खिलाफ जाता है। उन्होंने कहा कि न्याय के लिए सबकुछ उजागर होकर किया जाएगा।
– बता दें कि अपोजिशन पार्टियां- कांग्रेस और इनेलो ने इस मामले में सीबीआई या हाईकोर्ट के मौजूदा जज से जांच कराने की मांग की है।
‘काफी CCTV फुटेज और सबूत जुटा रहे’
– डीजीपी ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस के पास काफी सीसीटीवी फुटेज हैं, लेकिन कोई और सबूत लाता है तो उसका स्वागत है।
– इस मामले में पुलिस की भूमिका उस समय घेरे में आ गई थी जब यह जानकारी मिली की कुछ सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं हैं।
– दबाव बना तो सोमवार रात को ही पुलिस ने प्राइवेट सीसीटीवी से फुटेज जुटाए।
– मंगलवार को मीडिया को उपलब्ध करवाई गई सीसीटीवी में विकास बराला की गाड़ी वर्णिका कुंडू की गाड़ी का पीछा करते नजर आ रही है।
क्या है मामला?
– शुक्रवार रात करीब 11-12 बजे चंडीगढ़ में एक आईएएस अफसर की बेटी अपनी कार से जा रही थी। लड़की का आरोप है कि कार सवार दो लड़कों ने उसका पीछा किया। उसकी कार के आगे अपनी कार अड़ाकर रोका। गेट से बाहर खींचने की कोशिश की। लड़की ने तुरंत पुलिस काे फोन लगाया। मदद के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। बाद में उन्हें जमानत दे दी गई।
बराला फैमिली के खिलाफ एक और लड़की HC पहुंची
– सुभाष बराला के एक और रिश्तेदार कुलदीप बराला और विक्रम बराला पर एक नाबालिग से अपहरण और छेड़छाड़ का आरोप है। कुलदीप और विक्रम रिश्ते में सुभाष बराला के पोते लगते हैं।
– विक्टिम ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में अपील की है। HC ने हरियाणा पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। इस मामले पर 31 अगस्त के लिए अगली सुनवाई होगी।